देहरादून में 215 उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले– अब जिम्मेदारियों की असली परीक्षा शुरू

0
उपनिरीक्षकों

उपनिरीक्षकों

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को बुधवार को नई मजबूती मिली, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस नियुक्ति प्रक्रिया में 104 उपनिरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) और 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि अब तक की चयन प्रक्रिया और परीक्षाएं केवल एक शुरुआत थीं, जबकि असली परीक्षा अब शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त उपनिरीक्षकों के कंधों पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन जैसे महत्वपूर्ण दायित्व होंगे, जिन्हें उन्हें पूरी निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ निभाना होगा।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जो दो अंतरराष्ट्रीय और दो आंतरिक सीमाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यहां शांति और सुव्यवस्था बनाए रखना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन के साथ-साथ चारधाम और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड में सभी परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं, जिससे युवाओं का भरोसा व्यवस्था पर मजबूत हुआ है।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त उपनिरीक्षक अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे तथा राज्य की सुरक्षा, शांति और जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और परिजनों ने भी इस उपलब्धि पर नवचयनित कार्मिकों का उत्साह बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *