उत्तराखंड सरकार की बड़ी पहल: 4224 श्रमिकों को 12.89 करोड़ की आर्थिक सहायता

0
उत्तराखंड सरकार

उत्तराखंड सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के श्रमिकों के हित में एक बड़ी सौगात दी है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत 4224 श्रमिकों को 12 करोड़ 89 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि वितरित की गई। यह राशि सीधे श्रमिकों और उनके आश्रितों के खातों में हस्तांतरित की गई है।

देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 191 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में श्रमिकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था का भी शुभारंभ किया। इन सीएससी के माध्यम से अब श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण, नवीनीकरण और अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब श्रमिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, क्योंकि ब्लॉक, तहसील और गांव स्तर पर ही सभी सेवाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके लिए न केवल आर्थिक सहायता दी जा रही है, बल्कि कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए श्रमिकों को आजीविका से भी जोड़ा जा रहा है।

सीएम ने जानकारी दी कि कर्मकार बोर्ड द्वारा बीते छह महीनों में अब तक 51 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि श्रमिकों और उनके परिजनों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। पहले भी विकासखंड स्तर पर पंजीकरण और लाभ आवेदन की व्यवस्था शुरू की गई थी, जिससे प्रक्रिया और सरल हुई है।

इस अवसर पर श्रम आयुक्त पीसी दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कर्मकार बोर्ड लगातार श्रमिक हितैषी फैसले ले रहा है। कार्यक्रम में राज्य संविदा श्रम सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *