उत्तराखंड मौसम अलर्ट: शीतलहर और घने कोहरे का असर, हरिद्वार के आंगनबाड़ी केंद्रों में छह दिन का अवकाश

0
मौसम अलर्ट

मौसम अलर्ट

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। शीतलहर और घने कोहरे के चलते हरिद्वार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छह दिन का अवकाश घोषित किया गया है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले में आंगनबाड़ी केंद्र पांच जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ बीएचएलओ से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेंगी। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास, हरिद्वार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि छोटे बच्चों को ठंड और कोहरे से होने वाली संभावित बीमारियों से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने से ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुछ जिलों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कोहरे के कारण शीत दिवस जैसी स्थिति बन गई है, जिससे दृश्यता कम हो रही है और यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के साथ-साथ देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में पाला गिरने से सूखी ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। ठंड के कारण सुबह और देर शाम घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के दौरान सावधानी बरतें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। मौसम की इस मार को देखते हुए आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *