सुमनपुरी में रामनवमी की धूम, यज्ञ और कन्या पूजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
रामनवमी

रामनवमी

देहरादून के सुमनपुरी स्थित श्री दुर्गा मंदिर, बैंक कॉलोनी में रामनवमी का पावन पर्व बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे यज्ञ के साथ हुई, जो करीब 10 बजे तक चला। इस दौरान पूरे वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय ऊर्जा का संचार रहा। यज्ञ के आचार्य के रूप में पंडित राजेश भट्ट ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। यज्ञ के उपरांत कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें छोटी-छोटी कन्याओं के चरण धोकर उनका सम्मान किया गया। इसे अत्यंत शुभ और पुण्यकारी माना जाता है।

इस धार्मिक आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह के नेतृत्व में कई प्रमुख लोग शामिल हुए। प्रमुख रूप से पी.सी. दुमका, रवि खन्ना, सुनील गुप्ता, अमित मिश्रा, आशु मित्तल और सुनील जोशी समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। विशेष रूप से श्रम विभाग के अपर सचिव एवं आयुक्त पी.सी. दुमका अपनी पत्नी के साथ पहुंचे और यज्ञ में आहुति देने के साथ कन्या पूजन में भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कीर्तन में राज ठाकुर, सुषमा भट्ट, उर्मिला जगपाल, लीला भंडारी, ऋचा खन्ना, सुनीता शुक्ला, सूची शर्मा, प्रियंका रावत, सरू, ममता और रूपाली सहित कई महिलाओं ने भाग लिया और भक्ति गीतों से माहौल को सराबोर कर दिया।

मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

मंदिर समिति के अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *