Haridwar: मानसिक रूप से कमजोर महिला को खंभे से बांधकर पीटने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

0
मानसिक रूप

मानसिक रूप

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मानसिक रूप से कमजोर एक महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला को खंभे से बांधकर पीटा जा रहा था और उसके साथ गाली-गलौज की जा रही थी। वीडियो के वायरल होते ही मामला सुर्खियों में आ गया। इसके बाद शुभम पुत्र लखमीचंद, निवासी लेबर कॉलोनी रानीपुर ने कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी माता सुनीता मानसिक रूप से कमजोर हैं और शनिवार की सुबह घर से टहलने के लिए निकली थीं।

आरोप है कि लेबर कॉलोनी निवासी राहुल, इंदर, राकेश, आशु, नागेश और एक महिला ने उनकी माता को घेर लिया, खंभे से बांधकर पीटा और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि, वीडियो में दूसरे पक्ष के लोग यह आरोप लगाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं कि महिला उनके घर में घुस आई थी और बच्चियों का गला दबाने की कोशिश कर रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर राहुल, इंदर, राकेश, आशु और माया देवी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि सभी आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत दे दी गई।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ की गई हिंसा की कड़ी निंदा की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *