अंकिता भंडारी हत्याकांड में सोशल मीडिया एंगल गहराया, आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट करने वाले भी जांच के घेरे में

0
अंकिता भंडारी

अंकिता भंडारी

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद अब पुलिस जांच के दायरे में आ गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम की शिकायत पर डालनवाला थाने में दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस ने उन लोगों की भी जांच शुरू कर दी है, जिन्होंने अंकिता से जुड़े विवादित पोस्ट साझा किए या उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

प्राथमिकी में दुष्यंत गौतम ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अंकिता के नाम का इस्तेमाल कर जानबूझकर भड़काऊ और विवादित पोस्ट किए गए। उनका दावा है कि इन पोस्ट और टिप्पणियों के जरिए उत्तराखंड में दंगे भड़काने और भारतीय जनता पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई। पुलिस अब इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक चरण में उन सोशल मीडिया हैंडल्स और यूजर्स को चिन्हित किया जा रहा है, जिन्होंने अंकिता से संबंधित उर्मिला और अन्य विवादित पोस्ट को शेयर किया और उन पर आपत्तिजनक कमेंट किए। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्ट और टिप्पणियों के पीछे संबंधित व्यक्तियों की मंशा क्या थी और क्या यह किसी संगठित साजिश का हिस्सा थी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच टीम को निर्देश दिए हैं कि मामले में ठोस और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जाएं। खासतौर पर यह देखा जाएगा कि कहीं शांति व्यवस्था बिगाड़ने, समाज में तनाव पैदा करने या किसी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति विशेष की छवि धूमिल करने का प्रयास तो नहीं किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस समय डिजिटल डेटा को सुरक्षित करने पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि साक्ष्य नष्ट न हो सकें। जांच आगे बढ़ने पर संबंधित सोशल मीडिया यूजर्स को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *